देहरादून में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, दुकानों और रेस्टोरेंट से भारी मात्रा में शराब बरामद

देहरादून। अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग की जनपदीय प्रवर्तन टीम ने गुरुवार को देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार करते हुए उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

आबकारी विभाग की इस कार्रवाई का नेतृत्व प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त श्रीमती प्रेरणा बिष्ट और आबकारी निरीक्षक जयबीर सिंह ने किया। अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब की बिक्री और भंडारण की रोकथाम के लिए 25 जून 2026 को विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत सबसे पहले मानसी पुलिया क्षेत्र में स्थित पंकज जोशी की दुकान पर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान दुकान से 51 पाउच माल्टा ब्रांड की देशी शराब, पांच क्वार्टर आईबी व्हिस्की, चार क्वार्टर एमसीडी व्हिस्की तथा दो क्वार्टर रॉयल स्टैग व्हिस्की बरामद की गई।

इसके बाद प्रवर्तन दल ने नकरोंदा क्षेत्र स्थित मुकेश पवार के होम स्टे और रेस्टोरेंट में दबिश दी। जांच के दौरान वहां से 34 पाउच माल्टा देशी शराब, 15 क्वार्टर आईबी व्हिस्की और छह क्वार्टर रॉयल स्टैग व्हिस्की बरामद हुई। अधिकारियों ने मौके पर ही शराब को कब्जे में लेते हुए संबंधित व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया।

आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की धारा 60 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही अवैध शराब के स्रोत और इसके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

आबकारी विभाग की इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ एक बड़ी चेतावनी माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.