राहुल गांधी पर आरोपों को लेकर गरिमा का पलटवार, सुबोध उनियाल से पूछे तीखे सवाल

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के राहुल गांधी को लेकर दिए बयानों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री को नेता प्रतिपक्ष पर सवाल उठाने से पहले अपने विभाग और प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। गरिमा ने राज्य की स्वास्थ्य सुविधाओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर कई सवाल खड़े किए।

गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि झारखंड में छात्रों के आंदोलन और प्रदर्शनकारियों पर हुए पुलिस बल प्रयोग को लेकर राहुल गांधी ने सवाल उठाए हैं। उनके मुताबिक, छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों और रोजगार जैसे मुद्दों पर आवाज उठाना नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों पर सवाल उठाना किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की भूमिका का हिस्सा है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने उत्तराखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मामलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं का असर प्रदेश के हजारों युवाओं के भविष्य पर पड़ा है। सरकार को युवाओं की समस्याओं का समाधान करने के साथ भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर ध्यान देना चाहिए।

गरिमा ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में आज भी कई जगह गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए डंडी-कंडी और स्ट्रेचर का सहारा लेना पड़ता है। उन्होंने इसे राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति से जोड़ते हुए सरकार से जवाब मांगा।

उन्होंने देहरादून के नंदा की चौकी पुल का मुद्दा भी उठाया। गरिमा के अनुसार, पुल के उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद उसके क्षतिग्रस्त होने से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने पूछा कि प्रदेश में सामने आ रही इन समस्याओं के लिए क्या राहुल गांधी जिम्मेदार हैं?

गरिमा ने स्वास्थ्य मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें राहुल गांधी की चिंता करने के बजाय अस्पतालों की व्यवस्था, पहाड़ी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं और अपने विभाग की कमियों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.