देहरादून में नशे के खिलाफ बड़ी पहल, ‘देहरादून अगेंस्ट ड्रग्स’ मैराथन 2026 का आगाज

देहरादून। युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दून यूथ फाउंडेशन ने ‘डी.ए.डी. 2.0 – देहरादून अगेंस्ट ड्रग्स मैराथन 2026’ का आधिकारिक शुभारंभ कर दिया है। गुरुवार को स्मार्ट बाजार स्टोर, कपूर टावर में आयोजित प्रेस वार्ता और पोस्टर लॉन्च कार्यक्रम के दौरान मैराथन का आधिकारिक पोस्टर जारी किया गया। इस मौके पर स्मार्ट बाजार को आयोजन का टाइटल स्पॉन्सर घोषित किया गया।

आयोजन समिति ने बताया कि ‘देहरादून अगेंस्ट ड्रग्स’ मैराथन का आयोजन आगामी 27 सितंबर 2026 को देहरादून में किया जाएगा। मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं, खिलाड़ियों, फिटनेस प्रेमियों और आम नागरिकों को एक साझा मंच पर लाकर नशा मुक्त समाज के निर्माण, स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने और सामाजिक जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित करना है। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के लिए 3 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की दौड़ की श्रेणियां निर्धारित की गई हैं।

कार्यक्रम में यह भी घोषणा की गई कि सुशीला इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ आयोजन का मेडिकल पार्टनर होगा, जबकि चेकर रेस टाइमिंग पार्टनर और केन्को इंटरनेशनल मैनेजमेंट पार्टनर के रूप में सहयोग करेगा।

दून यूथ फाउंडेशन के चेयरमैन एवं संस्थापक आकिब अहमद, महासचिव अनस बेग, उपाध्यक्ष आशीष रावत और कोषाध्यक्ष आतिफ हुसैन ने संयुक्त रूप से कहा कि डी.ए.डी. 2.0 केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और उन्हें अनुशासित, ऊर्जावान एवं सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करने वाला सामाजिक अभियान है।

आकिब अहमद ने कहा कि यह पहल युवाओं के बीच जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ खेल और फिटनेस की संस्कृति को भी मजबूत करेगी। स्मार्ट बाजार की ओर से मुक्ता भटनागर और राहुल चंदर ने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी इस पहल में सहयोग को गर्व का विषय बताया।

कार्यक्रम में कपूर टावर के स्वामी माणिक कपूर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान बिल्डर पंकज रामगोलिया, मीडिया प्रतिनिधियों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.