NEET पेपर लीक पर धर्मेंद्र प्रधान का बड़ा खुलासा, बोले- रक्षक ही बन गए भक्षक

 नई दिल्ली। देशभर में 21 जून को आयोजित री-नीट परीक्षा में 22 लाख से अधिक छात्रों की भागीदारी के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता, सुरक्षा और विश्वसनीयता को लेकर बड़ा बयान दिया है। नीट पेपर लीक मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर प्रश्नपत्र तैयार करने और उसकी गोपनीयता बनाए रखने की जिम्मेदारी थी, उनमें से कुछ लोग ही गलत तत्वों के साथ मिल गए। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि “रक्षक ही भक्षक बन गए।”

केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य केवल पेपर लीक में शामिल व्यक्तियों को गिरफ्तार करना नहीं है, बल्कि उस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना है जो वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली में मौजूद कमियों को दूर करने के लिए गंभीरता से काम कर रही है।

धर्मेंद्र प्रधान ने री-नीट परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले छात्रों, अभिभावकों और प्रशासनिक तंत्र का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी व्यवस्था विकसित करने के प्रयास में है, जिससे परीक्षा की विश्वसनीयता पर किसी प्रकार का संदेह न रहे। इसके लिए तकनीक आधारित प्रणालियों को मजबूत किया जा रहा है और भविष्य में अधिक परीक्षाओं को कंप्यूटर आधारित बनाने पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने नागपुर के एक छात्र का उदाहरण देते हुए बताया कि उसकी पसंद के अनुसार परीक्षा केंद्र अबूधाबी निर्धारित हुआ था। इस मामले में केंद्र सरकार ने स्वयं छात्र के पिता से संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली। प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए थे।

विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी छात्रों के भविष्य से जुड़े गंभीर विषय पर राजनीति कर रहे हैं और अधूरी जानकारी के आधार पर बयान देकर छात्रों और अभिभावकों के मन में भ्रम तथा डर पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को रचनात्मक सुझाव देने चाहिए ताकि परीक्षा प्रणाली को और बेहतर बनाया जा सके।

प्रधान ने यह भी कहा कि सरकार नीट और सीबीएसई परीक्षाओं से जुड़े विवादों से सबक लेकर सुधारात्मक कदम उठा रही है, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave A Reply

Your email address will not be published.