देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) बॉक्सिंग अकादमी के उभरते मुक्केबाज रोहित रावत ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। प्रतिभाशाली बॉक्सर रोहित का चयन 5वीं सब जूनियर राष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता के लिए उत्तराखंड टीम में किया गया है। उनकी इस सफलता से विद्यालय, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।
राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 22 जून से 29 जून 2026 तक पंजाब के जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर के चुनिंदा युवा मुक्केबाज अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उत्तराखंड टीम में जगह बनाने वाले रोहित से प्रदेश को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
रोहित रावत का चयन 5 जून को हल्द्वानी में आयोजित राज्य स्तरीय चयन ट्रायल के आधार पर हुआ। एसबीपीएस बॉक्सिंग अकादमी के कोच प्रदीप ऐरी ने बताया कि चयन ट्रायल में प्रदेश के सभी जनपदों के खिलाड़ियों के अलावा स्पोर्ट्स हॉस्टल और स्पोर्ट्स कॉलेजों की टीमों ने भी हिस्सा लिया था। कड़े मुकाबलों और कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच देहरादून जिले का प्रतिनिधित्व कर रहे रोहित ने अपने वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं को प्रभावित किया और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उत्तराखंड टीम में अपना स्थान पक्का किया।
रोहित इससे पहले वर्ष 2024 में सीबीएसई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी प्रतिभाग कर चुके हैं। लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर उन्होंने राज्य के उभरते मुक्केबाजों में अपनी पहचान बनाई है।
बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने रोहित को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वह राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड और अपने विद्यालय का नाम रोशन करेंगे। वहीं, विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने भी रोहित की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रोहित की इस सफलता को युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है, जो कड़ी मेहनत और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का सपना देखते हैं।