देहरादून में 5.99 लाख से अधिक मतदाताओं का डेटा ऑनलाइन, डीएम ने राजनीतिक दलों को दिया बड़ा संदेश

देहरादून। जनपद देहरादून में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत मतदाता सूची को शत-प्रतिशत शुद्ध और अद्यतन बनाने की कवायद तेज कर दी गई है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों और प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, राजनीतिक दलों की भूमिका और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 13,76,813 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 22 जून 2026 तक 98.44 प्रतिशत मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। इसके सापेक्ष 5,99,944 गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी पूरा कर लिया गया है, जो कुल प्राप्त प्रपत्रों का लगभग 43.57 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि शेष मतदाताओं तक भी बीएलओ के माध्यम से शीघ्र पहुंच सुनिश्चित की जा रही है।

डॉ. आशीष चौहान ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से मतदाताओं को प्रपत्र भरने में सहयोग करें और पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि जिन घरों पर ताला मिला है या परिवार उपलब्ध नहीं हो पाया, वहां बीएलओ दोबारा भ्रमण कर रहे हैं ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलए-1 और बीएलए-2 की नियुक्ति आवश्यक है। उन्होंने राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि जहां अभी तक बीएलए-2 की नियुक्ति नहीं हुई है, वहां जल्द नामांकन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जिन मतदाताओं को अब तक गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुए हैं, वे स्थानीय प्रशासन को इसकी सूचना दे सकते हैं। मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान कर पृथक सूची तैयार की जाएगी, जिसे पंचायत भवनों, नगर निकाय कार्यालयों और जिला निर्वाचन कार्यालय की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि राजनीतिक दलों, बीएलओ, बीएलए और आम नागरिकों की सहभागिता से ही एक निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सकती है, जो लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.