नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके मुकेश कुमार को बिहार सरकार ने खेल कोटा के तहत पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद के लिए अनुशंसित किया है। इस फैसले के सामने आने के बाद खेल जगत में खुशी की लहर है, वहीं सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस भी छिड़ गई है।
आकाश दीप ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के माध्यम से इस उपलब्धि की जानकारी साझा करते हुए बिहार सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने संदेश में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह का धन्यवाद देते हुए कहा कि राज्य सरकार की खिलाड़ियों को सम्मान और प्रोत्साहन देने की नीति युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने लिखा कि इस सम्मान से वे अभिभूत और गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
बिहार सरकार की यह पहल राज्य में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की नीति का हिस्सा मानी जा रही है। हालांकि, सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इस नियुक्ति को लेकर सवाल भी उठाए हैं। कई यूजर्स ने टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि प्रतिष्ठित सरकारी पद खिलाड़ियों और अन्य विशेष वर्गों को दिए जाते रहेंगे, तो सामान्य अभ्यर्थियों के लिए अवसर सीमित हो सकते हैं। इससे सरकारी नौकरियों में आरक्षण, खेल कोटा और रोजगार के अवसरों को लेकर बहस एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
वर्तमान में आकाश दीप और मुकेश कुमार भारतीय राष्ट्रीय टीम का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन दोनों खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में सक्रिय हैं। आकाश दीप ने पिछले वर्ष इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने अब तक 10 टेस्ट मैचों में 28 विकेट अपने नाम किए हैं। वहीं आईपीएल में उन्होंने 14 मुकाबलों में 10 विकेट हासिल किए हैं।
मुकेश कुमार ने भारत के लिए टेस्ट, वनडे और टी-20 तीनों प्रारूपों में खेला है। उन्होंने छह वनडे में पांच विकेट, तीन टेस्ट में सात विकेट और 17 टी-20 मुकाबलों में 20 विकेट झटके हैं। आईपीएल में उनके नाम 42 मैचों में 42 विकेट दर्ज हैं।
बिहार सरकार के इस निर्णय को जहां खिलाड़ियों के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है, वहीं इसे लेकर सामाजिक और रोजगार संबंधी चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।