रानीखेत। पर्यटन नगरी रानीखेत में शास्त्रीय संगीत की सुरलहरियों से सजा 14 दिवसीय निःशुल्क शास्त्रीय संगीत गायन कार्यशाला का भव्य समापन राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज के सभागार में उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यशाला के समापन समारोह में प्रशिक्षणार्थियों ने विभिन्न रागों और गीतों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां देकर उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
गत 6 जून से सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संचालित इस कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छावनी परिषद के मनोनीत सभासद एवं पूर्व उपाध्यक्ष मोहन नेगी ने कहा कि वर्तमान दौर में शास्त्रीय संगीत को संरक्षित और जीवित बनाए रखना एक बड़ी चुनौती है। ऐसे समय में संगीत शिक्षिका मीनाक्षी उप्रेती जोशी द्वारा बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण देकर किया जा रहा कार्य अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक है।
सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष विमल सती ने कहा कि संगीत बच्चों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है और अभिभावकों को भी अपने बच्चों को संगीत जैसी रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। आर्मी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य कमलेश जोशी ने इस पहल को समाज के लिए अनुकरणीय बताते हुए कहा कि विभिन्न विद्यालयों के बच्चों को बिना किसी शुल्क के शास्त्रीय संगीत सिखाना एक महत्वपूर्ण सामाजिक योगदान है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या विमला बिष्ट ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संगीत शिक्षिका मीनाक्षी उप्रेती जोशी के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने राग भूपाली में गणेश वंदना, प्रारंभिक स्वर ज्ञान, अलंकारों, तालबद्ध अभ्यास के साथ राग यमन और बिहाग की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। संयोजिका मीनाक्षी उप्रेती जोशी के साथ राग भैरवी पर आधारित भजन की प्रस्तुति ने सभागार को तालियों की गूंज से भर दिया। तबले पर प्रदीप ने संगत दी।
एकल प्रस्तुतियों में गीतांजली जोशी और हर्षित नेगी ने अपनी प्रतिभा से दर्शकों का विशेष रूप से मन मोह लिया। समापन अवसर पर 35 प्रशिक्षणार्थियों को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि राबाइका की संगीत शिक्षिका मीनाक्षी उप्रेती जोशी पिछले पांच वर्षों से विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को निःशुल्क शास्त्रीय संगीत का प्रशिक्षण देकर संगीत संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व ग्राम प्रधान खनिया राजेंद्र सिंह बिष्ट ने की, जबकि संचालन वंदना चौधरी ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, संगीत प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।