हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तराखंड के संस्कृति एवं जनपद प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने प्रधानमंत्री के कार्यकाल को देश और उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार हो रहा है और उत्तराखंड भी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का विजन तेजी से धरातल पर उतर रहा है। इसका प्रभाव देश के प्रत्येक राज्य में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लिए प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल स्वर्णिम अक्षरों में लिखे जाने योग्य है, क्योंकि इस दौरान राज्य में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं।
महाराज ने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में वर्तमान में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है, जिससे तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधाएं मिल रही हैं। इसके अलावा लगभग 13 हजार करोड़ रुपये की लागत से बन रहे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे ने राजधानी दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा को अधिक सुगम और तेज बना दिया है।
उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना भी तेजी से पूर्णता की ओर बढ़ रही है, जो पर्वतीय क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
सतपाल महाराज ने हवाई संपर्क के क्षेत्र में हुए विस्तार का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि जॉलीग्रांट, पंतनगर और पिथौरागढ़ एयरपोर्ट का विस्तार किया जा चुका है। वहीं उड़ान योजना के तहत प्रदेश में 18 हेलीपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से 12 पर सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। वर्ष 2022 में जहां राज्य में केवल दो हेलीपोर्ट थे, वहीं अब उनकी संख्या बढ़कर सात हो गई है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड विकास, पर्यटन और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।