बदरीनाथ-केदारनाथ पहुंचे मुकेश अंबानी, दर्शन के बाद किया करोड़ों का बड़ा दान

 श्री बदरीनाथ/केदारनाथ धाम। देश के प्रमुख उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने सोमवार को उत्तराखंड स्थित श्री बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल एवं बाबा केदारनाथ के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए विशेष पूजा-अर्चना की।

श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अनुसार, मुकेश अंबानी ने सबसे पहले प्रातःकाल श्री बदरीनाथ धाम में दर्शन किए। इसके बाद वे केदारनाथ धाम पहुंचे और वहां बाबा केदारनाथ के चरणों में मत्था टेका। दोनों धामों में मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने उनका पारंपरिक स्वागत किया और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया।

दर्शन के दौरान मुकेश अंबानी ने मंदिर समिति को कुल 10 करोड़ रुपये की दान राशि प्रदान की। इसमें श्री बदरीनाथ धाम की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये तथा श्री केदारनाथ धाम के लिए अलग से 5 करोड़ रुपये के चेक मंदिर समिति को सौंपे गए। यह दान राशि तीर्थयात्रियों की सुविधाओं और मंदिर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने में उपयोग की जाएगी।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि अंबानी परिवार की भगवान बदरीविशाल और बाबा केदारनाथ के प्रति गहरी आस्था रही है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी मुकेश अंबानी ने उदारतापूर्वक मंदिर समिति को दान देकर धार्मिक और सामाजिक दायित्व का निर्वहन किया है। उन्होंने इस सहयोग के लिए अंबानी परिवार का आभार व्यक्त किया।

बदरीनाथ धाम में मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, सदस्य धीरज मौनू पंचभैया, रजनीश भट्ट, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं केदारनाथ धाम में बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, सदस्य डॉ. विनीत पोस्ती, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी और अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

मुकेश अंबानी की यह यात्रा न केवल उनकी धार्मिक आस्था का प्रतीक रही, बल्कि उत्तराखंड के दोनों प्रमुख धामों के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के प्रति उनके योगदान को भी दर्शाती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.