रुद्रपुर। शहर के विकास को नई गति देने की दिशा में रुद्रपुर नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। महापौर विकास शर्मा ने रविवार को वार्ड संख्या 20 और 36 में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। इस दौरान स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों का स्वागत करते हुए नगर निगम की पहल की सराहना की।
वार्ड संख्या 20 में महापौर ने 13 लाख रुपये एवं 9 लाख रुपये की लागत से बनने वाली दो सीसी सड़क और नाली निर्माण परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और जल निकासी की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं, वार्ड संख्या 36 में शहीद राम कुमार आर्या पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया। पार्क के विकास से स्थानीय नागरिकों, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्र की सुंदरता में भी वृद्धि होगी।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम शहर के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि भूरारानी और गंगापुर रोड के चौड़ीकरण के साथ-साथ अटरिया मोड़ से इंदिरा कॉलोनी तक मिनी बाईपास परियोजना को भी स्वीकृति मिल चुकी है। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से शहर में यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम होगी।
उन्होंने बताया कि रुद्रपुर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत बनाने हेतु लगभग 300 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसके अलावा शहर में आठ मोहल्ला क्लीनिक स्थापित करने, नगर निगम परिसर में विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराने तथा त्रिशूल और डमरू चौक जैसी सांस्कृतिक पहचान को विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में नगर निगम अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।