देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा है कि मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी और आशीर्वाद के बल पर भाजपा आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भूमिका केवल परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण और सामाजिक विकास में भी उनकी भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित महिला मोर्चा की परिचयात्मक बैठक को संबोधित करते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की अधिकांश जनकल्याणकारी योजनाओं में महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं, जिनका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। इसके अलावा ‘लखपति दीदी’ योजना, मुद्रा लोन, जनधन खाते, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और स्वास्थ्य संबंधी अनेक योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उत्तराखंड में भी महिलाओं के लिए रोजगार, आरक्षण और स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
महेंद्र भट्ट ने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं तथा अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ें। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के जीवन स्तर में सुधार लाना है।
बैठक के दौरान संगठनात्मक मजबूती, महिला भागीदारी और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड के विकास और भाजपा संगठन को मजबूत बनाने में महिलाओं का योगदान हमेशा महत्वपूर्ण रहा है और भविष्य में भी यही शक्ति पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
इस अवसर पर प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष रुचि भट्ट, मोर्चा प्रभारी शैलेंद्र सिंह बिष्ट, प्रदेश महामंत्री हिमानी डिमरी वैष्णव, रश्मि रस्तोगी सहित महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।