भोपाल से पकड़ा गया संदिग्ध युवक, पाकिस्तान कनेक्शन और अफगानिस्तान प्लान ने बढ़ाई चिंता

 भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुराने शहर के हनुमानगंज थाना क्षेत्र से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। केंद्रीय जांच एजेंसी से प्राप्त खुफिया इनपुट के आधार पर की गई इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। आरोपी पर पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क के संपर्क में रहने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान मोहम्मद फराज के रूप में हुई है। वह कांग्रेस नगर क्षेत्र में रहकर एक डॉक्टर के क्लिनिक में काम करता था। जांच एजेंसियों को लंबे समय से उसके विदेशी संपर्कों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी। बताया जा रहा है कि युवक लगातार पाकिस्तान स्थित कुछ संदिग्ध तत्वों के संपर्क में था, जिसके बाद केंद्रीय एजेंसियों ने इसकी जानकारी भोपाल एटीएस को दी।

इनपुट मिलने के बाद एटीएस की टीम ने नगर निगम कॉलोनी के पास घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में उसके पास से कुछ ऐसे दस्तावेज बरामद होने की बात सामने आई है, जिन्हें जांच एजेंसियां देश विरोधी सामग्री मानकर जांच कर रही हैं। बताया जा रहा है कि ये दस्तावेज पाकिस्तान से भेजे गए थे।

सूत्रों के अनुसार पूछताछ में यह जानकारी भी सामने आई है कि आरोपी कथित रूप से विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए अफगानिस्तान जाने की तैयारी कर रहा था। इसके अलावा वह मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग भी ले रहा था। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि उसका उद्देश्य क्या था और वह किन लोगों के संपर्क में था।

जांच में उत्तर प्रदेश के देवबंद से जुड़े कुछ संपर्कों की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि एजेंसियां अभी इन पहलुओं की गहन जांच कर रही हैं और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।

फिलहाल एटीएस आरोपी से पूछताछ कर उसके स्थानीय और विदेशी नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। एजेंसी उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि मामले से जुड़े अन्य संभावित पहलुओं और संपर्कों का खुलासा किया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.