देवघर में झामुमो की बड़ी तैयारी: 13 जून के सम्मेलन से पहले मंत्री हफीजुल हसन ने किया स्थल निरीक्षण

देवघर। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा 13 जून को आयोजित होने वाले बूथ कमिटी एवं बीएलए-2 प्रशिक्षण सह सम्मेलन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय नेताओं की संभावित भागीदारी को देखते हुए संगठन ने व्यवस्थाओं को लेकर पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में गुरुवार को कार्यक्रम स्थल खिजुरिया का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन, झामुमो जिला अध्यक्ष संजय कुमार शर्मा, केंद्रीय सदस्य परिमल सिंह, वरिष्ठ नेता सुरेश शाह, नगर अध्यक्ष प्रदीप चौधरी तथा पार्टी नेत्री टिप चैटर्जी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। नेताओं ने आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला अध्यक्ष संजय कुमार शर्मा ने बताया कि आगामी 13 जून को आयोजित होने वाला यह प्रशिक्षण शिविर संगठन की मजबूती के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक ढांचे, पार्टी की नीतियों और जमीनी स्तर पर कार्य करने की रणनीति से अवगत कराया जाएगा। इसके साथ ही बीएलए-2 के रूप में चयनित कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों से संबंधित विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि झामुमो का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त बनाना है, ताकि पार्टी की योजनाओं और गतिविधियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जा सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं की भूमिका को मजबूत करने और संगठनात्मक क्षमता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान झामुमो के केंद्रीय समिति सदस्य नंदकिशोर दास, मनोज दास, विजय दास, दीपक दास, प्रकाश पांडेय, मृत्युंजय राउत, महादेव पासवान, लड्डू नरोने, विपिन यादव और नारायण मंडल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने भरोसा जताया कि यह सम्मेलन संगठन को नई ऊर्जा देने के साथ बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय और सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.