SIR को लेकर झामुमो अलर्ट: क्या वोटर लिस्ट से कट सकते हैं हजारों नाम? दुमका में कार्यकर्ताओं को मिला खास निर्देश

दुमका। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर गुरुवार को दुमका के कन्वेंशन सेंटर में बूथ स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया। जिला अध्यक्ष शिव कुमार बास्की की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया के प्रति कार्यकर्ताओं को जागरूक और प्रशिक्षित करना था।

कार्यशाला में सांसद नलिन सोरेन, दुमका विधायक बसंत सोरेन, जामा विधायक डॉ. लुईस मरांडी, शिकारीपाड़ा विधायक आलोक सोरेन, प्रदेश महासचिव बिनोद पांडेय सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं कटने पाए। इसके लिए बूथ स्तर पर पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की आवश्यकता बताई गई।

नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों और पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी दें तथा पूरे अभियान पर लगातार नजर बनाए रखें। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक वोट महत्वपूर्ण होता है और किसी भी योग्य मतदाता को उसके मतदान अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

कार्यशाला में एसआईआर के तहत मैपिंग और अनमैपिंग प्रक्रिया को भी विस्तार से समझाया गया। जामा विधायक डॉ. लुईस मरांडी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को तकनीकी और प्रक्रियागत जानकारी देने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि हालिया चुनावों में मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटने की शिकायतें सामने आई हैं।

उन्होंने विशेष रूप से दुमका जैसे क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां बड़ी संख्या में लोग रोजगार के लिए बाहर रहते हैं। ऐसे मतदाताओं के नाम सूची में बने रहें, इसके लिए बूथ कमेटी और बीएलए को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से समय का सदुपयोग कर पात्र मतदाताओं के नाम सुनिश्चित करने और पुनरीक्षण प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखने की अपील की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.