भारत ने उठाया बड़ा परमाणु कदम! पहली बार 12 न्यूक्लियर वॉरहेड हमेशा रहेंगे तैयार

नई दिल्ली। वैश्विक रक्षा और सुरक्षा मामलों पर नजर रखने वाली संस्था सिपरी (स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट) की नई रिपोर्ट में भारत की परमाणु क्षमता को लेकर महत्वपूर्ण खुलासा किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने पहली बार 12 परमाणु वॉरहेड को ऑपरेशनल रूप से तैनात किया है। इसे भारत की परमाणु रणनीति और सुरक्षा तैयारियों में एक अहम बदलाव माना जा रहा है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत पहले परमाणु वॉरहेड और मिसाइलों को अलग-अलग रखता था तथा केवल युद्ध जैसी स्थिति में उन्हें एकीकृत किया जाता था। लेकिन अब भारत ने अपनी परमाणु तैयारियों को एक नया स्वरूप दिया है। कुछ परमाणु वॉरहेड अब मिसाइल प्रणालियों और परमाणु पनडुब्बियों के साथ तैनात रहेंगे, जिससे आवश्यकता पड़ने पर त्वरित प्रतिक्रिया संभव हो सकेगी।

सिपरी के मुताबिक, भारत अपनी मिसाइलों को कैनिस्टर आधारित प्रणाली में रख रहा है और समुद्र में परमाणु प्रतिरोध गश्त को भी मजबूत कर रहा है। इससे शांतिकाल के दौरान भी कुछ हथियार लॉन्च प्लेटफॉर्म से जुड़े रह सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों और बदलते रणनीतिक माहौल को देखते हुए उठाया गया है।

हालांकि भारत की परमाणु नीति में एक बात अब भी अपरिवर्तित है। भारत अपनी “नो फर्स्ट यूज” नीति पर कायम है। इसका अर्थ है कि भारत किसी भी देश पर पहले परमाणु हमला नहीं करेगा। परमाणु हथियारों का उपयोग केवल तब किया जाएगा जब भारत या उसकी सेनाओं पर परमाणु हमला किया जाए। भारत का परमाणु कार्यक्रम मुख्य रूप से प्रतिरोध और राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने पर केंद्रित है।

रिपोर्ट के अनुसार, भारत के पास वर्तमान में लगभग 190 परमाणु हथियार हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में थोड़ी वृद्धि दर्शाते हैं। वहीं पड़ोसी देश पाकिस्तान के पास अनुमानित 170 परमाणु हथियार हैं और वह भी नई परमाणु एवं मिसाइल प्रणालियों के विकास पर काम कर रहा है।

सिपरी ने भारत और पाकिस्तान के बीच 2025 में हुए सैन्य तनाव का भी उल्लेख किया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि दोनों देशों के बीच संघर्ष के दौरान हालात गंभीर हुए थे, हालांकि दोनों पक्षों ने स्थिति को नियंत्रण में रखने का प्रयास किया।

रक्षा व्यय के मामले में भी भारत लगातार अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 में 92.1 अरब डॉलर के रक्षा बजट के साथ भारत दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा सैन्य खर्च करने वाला देश रहा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.