After Header-1

पीएम मोदी के 12 साल पूरे होने पर सीएम धामी का खास पत्र, कही बड़ी बात

 देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने और देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में नया कीर्तिमान स्थापित करने पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर देवभूमि उत्तराखंड की जनता की ओर से हार्दिक बधाई देते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णयों और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से नई ऊंचाइयों को छुआ है।

धामी ने आत्मनिर्भर भारत अभियान, डिजिटल इंडिया, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) व्यवस्था तथा रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देने जैसे कदमों को भारत के विकास की दिशा में मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि इन पहलों ने देश को आत्मनिर्भरता और आधुनिक विकास की नई राह दिखाई है।

मुख्यमंत्री ने कोविड-19 महामारी के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करना और ‘वैक्सीन मैत्री’ कार्यक्रम के माध्यम से अन्य देशों की सहायता करना भारत के वैश्विक नेतृत्व और मानवीय दृष्टिकोण का उत्कृष्ट उदाहरण है।

अपने पत्र में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सहयोग और मार्गदर्शन से लखवाड़, सौंग व्यासी और जमरानी बहुद्देशीय बांध परियोजनाओं को गति मिली है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से राज्य में पेयजल, सिंचाई और जल संसाधन संबंधी जरूरतों की बेहतर पूर्ति होगी तथा लाखों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को अवश्य हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि देश विश्व मंच पर एक मजबूत, आत्मनिर्भर और अग्रणी राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान और अधिक सशक्त करेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.