कैंचीधाम मेले से पहले मुख्य सचिव सख्त, दिए ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन के खास निर्देश

 देहरादून। नैनीताल स्थित प्रसिद्ध कैंचीधाम में 15 जून को आयोजित होने वाले स्थापना दिवस एवं वार्षिक मेले की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक कर संबंधित विभागों और अधिकारियों को मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य सचिव ने पुलिस, जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से अगले 10 दिनों के लिए विस्तृत रूट प्लान और यातायात प्रबंधन व्यवस्था तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि मेले के दौरान वाहनों की आवाजाही सुचारु बनी रहे और जाम जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।

मुख्य सचिव ने कहा कि मेला क्षेत्र के लिए जोनल और सेक्टोरल प्लान तैयार किया जाए। साथ ही पार्किंग व्यवस्था, यातायात मार्ग और वैकल्पिक रूट की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार स्थानीय स्तर के साथ-साथ राज्य और राज्य के बाहर भी किया जाए। इससे श्रद्धालुओं को यात्रा और दर्शन के दौरान अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था के कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए मेला क्षेत्र और पार्किंग स्थलों पर पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मल्टीलेवल पार्किंग में आने-जाने के मार्गों को व्यवस्थित रखने तथा पार्किंग स्थल से मंदिर तक श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए निकासी योजना तैयार रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, एम्बुलेंस और चिकित्सा सहायता को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस और सुरक्षा कर्मियों को आपदा या भीड़ नियंत्रण की स्थिति में निकासी योजना का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षित करने को कहा।

बैठक में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों को सभी हितधारकों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि कैंचीधाम स्थापना दिवस समारोह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। 

Leave A Reply

Your email address will not be published.