देहरादून में नई स्कॉर्पियो बनी आग का गोला, कार से उतरते ही हुआ बड़ा हादसा

देहरादून के दून विहार क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक नई स्कॉर्पियो कार अचानक भीषण आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी सवार समय रहते सुरक्षित बाहर निकल चुके थे।

जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो वाहन उत्तर प्रदेश के पीलीभीत के एक चेयरमैन की बताई जा रही है। कार में दो बुजुर्ग महिलाएं, दो युवतियां और दो छोटे बच्चे सवार थे। सभी लोग जाखन स्थित वाइन शॉप के पास अपने एक रिश्तेदार के घर आए हुए थे। गंतव्य पर पहुंचने के बाद सभी यात्री वाहन से उतर गए और चालक ने कार को पार्किंग में खड़ा कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वाहन पार्क करने के कुछ ही देर बाद अचानक उसमें धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरी स्कॉर्पियो को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही जाखन चौकी प्रभारी सूरज कंडारी और चीता पुलिस के जवान मुकेश बुटोला मौके पर पहुंचे। दोनों पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सीओ₂ सिलेंडर की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया।

फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई के चलते वाहन में रखे कुछ सामान को अधिक नुकसान होने से बचाया जा सका। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण वाहन के एसी सिस्टम में हुए शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर वाहनों की नियमित तकनीकी जांच और सुरक्षा उपायों की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। समय रहते सभी लोगों के वाहन से उतर जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.