व्यापारियों का फूटा गुस्सा, राज्य कर विभाग के खिलाफ बड़े आंदोलन की चेतावनी

 रुद्रपुर। खटीमा राज्य कर इकाई के सचल दल द्वारा व्यापारियों के कथित उत्पीड़न के विरोध में व्यापार मंडल ने राज्य कर विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। व्यापारियों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर आयुक्त, राज्य कर विभाग उत्तराखंड के नाम एक ज्ञापन संयुक्त आयुक्त स्मिता के माध्यम से प्रेषित किया।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि राज्य कर विभाग का सचल दल नियमित रूप से व्यापारियों के वाहनों को घंटों तक रोककर जांच के नाम पर अनावश्यक रूप से परेशान कर रहा है। उनका कहना है कि अधिकांश व्यापारियों के पास माल से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज, बिल, ई-वे बिल और अन्य वैध अभिलेख उपलब्ध होते हैं, इसके बावजूद उन्हें बार-बार रोका जा रहा है और व्यापारिक गतिविधियों में बाधा उत्पन्न की जा रही है।

व्यापार मंडल का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है तथा उनके कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। संगठन ने मांग की है कि व्यापारियों के साथ हो रहे कथित उत्पीड़न को तत्काल रोका जाए और शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

व्यापार मंडल के नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही इस मामले का समाधान नहीं किया गया और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो रुद्रपुर व्यापार मंडल राज्य कर विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन और व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाले किसी भी विवाद या अव्यवस्था की जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी।

ज्ञापन सौंपने और विरोध दर्ज कराने के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक छाबड़ा, जिला महामंत्री निर्मल हंसपाल, प्रदेश संगठन मंत्री राजेश बंसल, गदरपुर व्यापार मंडल महामंत्री संदीप चावला, शिवन सेठी, चीनू दुआ, चेतन खनिजो, मनजीत गगनेजा, पवन गाबा, पारस अरोरा, गौरव गांधी, राजकुमार सिकरी, दानिश अहमद सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

व्यापारियों ने प्रशासन से संवाद के माध्यम से समस्या का समाधान निकालने और व्यापारिक माहौल को सुचारु बनाए रखने की मांग की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.