देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की शुरुआत के साथ ही मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। सोमवार, 8 जून से प्रदेशभर में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फार्म वितरित किए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सभी मतदाताओं से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य के सभी 11,733 बीएलओ को गणना फार्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। अभियान के तहत प्रत्येक मतदाता तक गणना फार्म पहुंचाया जाएगा और 7 जुलाई तक एक माह की अवधि में बीएलओ इन फार्मों को बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइज करेंगे। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है।
उन्होंने बताया कि जो मतदाता नौकरी या अन्य कारणों से दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहते, वे “बुक ए कॉल विद BLO” सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए मतदाता निर्वाचन आयोग की वेबसाइट या ECI-Net मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से संपर्क करेगा।
यदि किसी घर पर बीएलओ के पहुंचने के समय मतदाता मौजूद नहीं मिलता है तो बीएलओ तीन बार वहां जाने का प्रयास करेगा। साथ ही घर पर एक स्टीकर चिपकाकर अगले दौरे की तारीख और अपना मोबाइल नंबर भी दर्ज करेगा, जिससे मतदाता सुविधानुसार संपर्क कर गणना फार्म भरवा सके।
निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखने की अपील की है। यह फोटो गणना फार्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध करानी होगी। हालांकि 8 जून से 7 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के दौरान किसी अन्य दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। सभी दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। पात्र नागरिक ईसीआई-नेट ऐप के माध्यम से स्वयं भी गणना फार्म डाउनलोड, भरकर अपलोड कर सकते हैं।