अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर देहरादून में तैयारियां तेज, प्रशासन ने बनाई खास रणनीति

 देहरादून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल और भव्य आयोजन को लेकर देहरादून प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव शाह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की।

बैठक की शुरुआत जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार द्वारा स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में अब तक आयोजित कार्यक्रमों और आगामी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न स्तरों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, ग्राम पंचायतों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से योग को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक और सामाजिक संतुलन का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों से योग दिवस कार्यक्रमों में अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने तथा व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत ‘योग ब्रेक’ विषय पर एक दिवसीय योग कार्यशाला का भी आयोजन किया गया। योग प्रशिक्षक रविन्द्र थपलियाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की तकनीकों का अभ्यास कराया। साथ ही नियमित योगाभ्यास के स्वास्थ्य लाभों और तनावमुक्त जीवनशैली के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

सीडीओ अभिनव शाह ने सभी विभागों से अपने-अपने स्तर पर योग जागरूकता अभियान चलाने और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.