वैश्य समाज को एकजुट करने की नई रणनीति, सदस्यता अभियान पर बड़ा जोर

 देहरादून। अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन (आईवीएफ) की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को सहारनपुर रोड स्थित कैलिस्टा होटल में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने उत्तराखंड प्रदेश के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन विस्तार और समाज की एकजुटता पर विशेष बल दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष दीपक सिंघल ने की। इस अवसर पर संगठन से जुड़े पैट्रन सदस्यों को सम्मानित किया गया तथा समाज के अधिक से अधिक लोगों को “वैश्य मित्र” अभियान से जोड़ने का आह्वान किया गया। बैठक में संगठन की भावी योजनाओं, सदस्यता विस्तार और सामाजिक सहभागिता को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में संख्या का विशेष महत्व होता है। उन्होंने बताया कि देश में वैश्य समाज की आबादी लगभग 25 से 26 करोड़ के बीच मानी जाती है और समाज से जुड़ी हजारों संस्थाएं विभिन्न स्तरों पर कार्य कर रही हैं। इसके बावजूद वैश्य समाज की वास्तविक संख्या और सामूहिक शक्ति का प्रभावी प्रतिनिधित्व अब तक सामने नहीं आ पाया है।

उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन ने “वैश्य मित्र” सदस्यता अभियान शुरू किया है। इस अभियान का लक्ष्य समाज के अधिक से अधिक लोगों को एक मंच पर जोड़कर उनकी सामाजिक, आर्थिक और लोकतांत्रिक भागीदारी को मजबूत करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर अधिकाधिक वैश्य मित्र बनाने और संगठन की विचारधारा को समाज के बीच पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार साझा किए तथा संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावशाली बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। वक्ताओं ने समाज के युवाओं, महिलाओं और व्यापारिक वर्ग की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री रमेश गोयल, प्रदेश कोषाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष सचिन जैन, प्रदेश मीडिया समन्वयक मधु सचिन जैन, महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष नीता गर्ग, युवा अध्यक्ष सचिन गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष विशाल गुप्ता, रितु गोयल, महानगर अध्यक्ष निकुंज गुप्ता, महानगर महामंत्री मनोज सिंघल, प्रिया गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.