कुवैत में गूंजे धमाके, एयर डिफेंस सिस्टम हुआ सक्रिय, बढ़ा खाड़ी क्षेत्र का तनाव

 कुवैत सिटी। खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच कुवैत में सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अमेरिका और ईरान के बीच जारी टकराव के बीच एक नया घटनाक्रम सामने आया है, जिसमें ईरान ने कुवैत में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर मिसाइल और ड्रोन हमले करने का दावा किया है। इस दावे के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

बुधवार को कुवैत के विभिन्न इलाकों में तेज धमाकों की आवाजें सुनाई देने से लोगों में चिंता का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुवैत की सेना के जनरल स्टाफ ने आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि ये आवाजें देश के एयर डिफेंस सिस्टम की सक्रिय कार्रवाई का परिणाम थीं।

कुवैती सैन्य अधिकारियों के अनुसार, वायु रक्षा प्रणाली ने समय रहते कई संदिग्ध मिसाइलों और ड्रोन को पहचान लिया और उन्हें आसमान में ही नष्ट कर दिया। सेना ने कहा कि एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह सक्रिय है और किसी भी संभावित खतरे का मुकाबला करने के लिए तैयार है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि यदि आगे भी विस्फोट जैसी आवाजें सुनाई दें तो घबराएं नहीं।

रक्षा मंत्रालय ने नागरिकों और प्रवासी समुदाय के लिए विशेष एडवायजरी जारी करते हुए कहा है कि किसी भी गिरते मलबे, धातु के टुकड़ों या अज्ञात वस्तुओं के पास न जाएं। ऐसी वस्तुएं खतरनाक हो सकती हैं। लोगों से किसी भी संदिग्ध वस्तु की जानकारी तुरंत आपातकालीन सेवाओं को देने का आग्रह किया गया है।

दूसरी ओर, ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि यह कार्रवाई क्षेत्र में अमेरिकी गतिविधियों के जवाब में की गई। हालांकि हमलों के कारण किसी अमेरिकी सैन्य ठिकाने को हुए संभावित नुकसान को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

फिलहाल कुवैत की सेना, सुरक्षा एजेंसियां और संबंधित विभाग पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। क्षेत्रीय तनाव को देखते हुए आने वाले दिनों में सुरक्षा उपायों को और मजबूत किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.