मसूरी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को मसूरी नगर पालिका टाउन हॉल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र में चल रही और प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मसूरी की पेयजल समस्या प्रमुख मुद्दा रही। मंत्री गणेश जोशी ने जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देशित किया कि 24 घंटे के भीतर पेयजल आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए। उन्होंने जल लाइनों में लीकेज की पहचान कर तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और लोगों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध हो।
मंत्री ने अधिकारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ सप्ताह में एक बार बैठक कर क्षेत्रीय समस्याओं की समीक्षा और समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसटीपी निर्माण, सीवर ट्रीटमेंट और पैचवर्क से जुड़े कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने को कहा।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने मसूरी क्षेत्र में संचालित सड़क निर्माण, सुधारीकरण और डामरीकरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही किमाड़ी मोटर मार्ग के निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर बल दिया। मॉल रोड के सुधारीकरण और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई।
बरसात के मौसम को देखते हुए मंत्री ने वन विभाग को ऐसे पेड़ों की पहचान कर समय रहते उनकी लॉपिंग करने के निर्देश दिए, जो दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में देहरादून-मसूरी मार्ग पर टोल व्यवस्था को फास्टैग आधारित बनाने और मसूरी में ई-ऑटो सेवा के ट्रायल रन शुरू करने के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि ई-ऑटो सेवा से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय परिवहन व्यवस्था भी मजबूत होगी।
गणेश जोशी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने तथा जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।