ताजमहल पहुंचीं ट्रंप की बेटी टिफनी, पहली झलक देखते ही कह दी ऐसी बात जिसने सबका ध्यान खींचा

 आगरा। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप ने शनिवार को विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दीदार किया। निजी यात्रा पर भारत आईं टिफनी अपने पति माइकल बाउलस के साथ आगरा पहुंचीं, जहां उन्होंने मोहब्बत की इस ऐतिहासिक निशानी की खूबसूरती को करीब से निहारा। ताजमहल को देखकर वह बेहद प्रभावित नजर आईं और इसकी भव्यता की खुलकर सराहना की।

जानकारी के अनुसार, टिफनी ट्रंप शनिवार सुबह चार्टर्ड विमान से दिल्ली से आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचीं। वहां से वह पूर्वी गेट स्थित होटल अमर विलास गईं। पहले उनका ताजमहल भ्रमण कार्यक्रम शाम के लिए तय था, लेकिन होटल पहुंचने के बाद उन्होंने तुरंत ताजमहल देखने की इच्छा जताई। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासन ने तत्काल उनकी यात्रा की व्यवस्था की।

सुबह करीब 11:50 बजे टिफनी अपने पति के साथ ताजमहल पहुंचीं। जैसे ही उन्होंने मुख्य प्रवेश द्वार से ताजमहल की पहली झलक देखी, वह उसकी सुंदरता से मंत्रमुग्ध हो गईं। उन्होंने ताजमहल को अद्भुत और अनोखा बताते हुए कहा कि दुनिया में इसकी कोई दूसरी मिसाल नहीं है।

भ्रमण के दौरान गाइड ने उन्हें मुगल सम्राट शाहजहां और मुमताज महल की प्रेम कहानी, ताजमहल के निर्माण का इतिहास तथा इसके वास्तुशिल्प से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। टिफनी ने विशेष रुचि लेते हुए यह भी पूछा कि ताजमहल के निर्माण में उपयोग किया गया संगमरमर कहां से लाया गया था। गाइड ने बताया कि इसके लिए राजस्थान के मकराना से संगमरमर मंगवाया गया था।

ताजमहल परिसर में टिफनी और उनके पति माइकल बाउलस ने सेंट्रल टैंक के पास स्थित प्रसिद्ध बेंच पर बैठकर हाथों में हाथ डालकर फोटोशूट भी कराया। इस दौरान दोनों काफी खुश और उत्साहित दिखाई दिए। माइकल बाउलस ने भी ताजमहल के इतिहास और स्थापत्य कला में गहरी दिलचस्पी दिखाई।

करीब 50 मिनट तक ताजमहल में समय बिताने के बाद टिफनी दोपहर 12:40 बजे होटल लौट गईं। उनकी यह यात्रा पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।

Leave A Reply

Your email address will not be published.