पुष्कर सिंह धामी ने अपने खटीमा दौरे के दौरान आम जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री का यह दौरा संवेदनशीलता और जनसंपर्क दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
खटीमा पहुंचने पर मुख्यमंत्री धामी ने सबसे पहले पंजाबी कॉलोनी में स्वर्गीय विवेक रघुवंशी, टनकपुर रोड स्थित स्वर्गीय भूपेंद्र सिंह चुफाल तथा राजेंद्र नगर निवासी स्वर्गीय प्रकाश रावत के आवास पर पहुंचकर उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने दुख की इस घड़ी में परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने टीडीसी अस्थायी हेलीपैड परिसर में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़े मामलों का निस्तारण बिना देरी के किया जाए और लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, मेयर विकास शर्मा, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, नंदन सिंह खरायत, रणदीप पोखरिया, भवानी भंडारी, सतीश भट्ट, नवीन बोरा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा और उप जिलाधिकारी तुषार सैनी भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को जनता से सीधे संवाद और समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।