केदारनाथ यात्रा में टूटा रिकॉर्ड, 8 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर्शन

केदारनाथ धाम की यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड बना रही है। बाबा केदार के दर्शन के लिए देशभर से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सोमवार शाम तक 8 लाख 29 हजार 45 से अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच चुके थे, जो अब तक के सभी पुराने रिकॉर्ड को पार कर चुका है। लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या के बावजूद प्रशासन यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने में जुटा हुआ है।

प्रशासन द्वारा यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक श्रद्धालुओं के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। पैदल मार्ग पर पेयजल, भोजन, चिकित्सा और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया गया है। इसके साथ ही धाम क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूत किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत सहायता मिल सके।

श्रद्धालु भी यात्रा व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना कर रहे हैं। इंदौर से आए श्रद्धालु गजेंद्र ठाकुर ने बताया कि उन्होंने पैदल यात्रा कर बाबा केदारनाथ के दर्शन किए और पूरे मार्ग में उन्हें पेयजल तथा अन्य सुविधाएं अच्छी स्थिति में मिलीं। उन्होंने कहा कि शौचालय साफ-सुथरे थे और धाम में रहने तथा भोजन की व्यवस्था भी संतोषजनक रही।

वहीं उत्तर प्रदेश के शामली से आए सजीव कुमार ने कहा कि इतनी बड़ी भीड़ को संभालना आसान नहीं होता, लेकिन प्रशासन ने यात्रा प्रबंधन को काफी व्यवस्थित तरीके से संभाला है। उन्होंने यात्रा मार्ग और धाम में उपलब्ध सुविधाओं की प्रशंसा की।

मुंबई से पहुंचे श्रद्धालु हर्षित ने भी कहा कि प्रशासन की टीमें हर समय यात्रियों की सहायता के लिए मौजूद रहती हैं। उन्होंने कर्मचारियों के व्यवहार और सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या यह दिखाती है कि बाबा केदारनाथ के प्रति लोगों की आस्था और विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। प्रशासन भी यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.