अब उत्तराखंड में खिलाड़ी उठाएंगे वर्ल्ड क्लास सुविधाओं का लाभ, सरकार ने खोले स्टेडियम

रेखा आर्या ने घोषणा की है कि राष्ट्रीय खेल 2025 के लिए तैयार की गई विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं को अब खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए “पे एंड प्ले” व्यवस्था के तहत खोल दिया गया है। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाओं में नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।

खेल विभाग द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार अब उत्तराखंड के विभिन्न स्टेडियमों, खेल परिसरों और अत्याधुनिक खेल उपकरणों का उपयोग निर्धारित न्यूनतम शुल्क देकर किया जा सकेगा। सरकार का उद्देश्य इन सुविधाओं का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करना और प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत बनाना है।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के दौरान उत्तराखंड में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल अवस्थापना विकसित की गई थी। अब सरकार चाहती है कि इन संसाधनों का लाभ प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को लगातार मिले। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं को केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित रखने के बजाय उन्हें प्रतिभा निखारने और खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने के लिए उपयोग किया जाएगा।

नई व्यवस्था के तहत राजत जयंती खेल परिसर, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज और परेड ग्राउंड सहित कई प्रमुख खेल परिसरों में खिलाड़ियों को अभ्यास की सुविधा मिलेगी। यहां एथलेटिक्स, शूटिंग, स्क्वैश, क्रिकेट, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, हॉकी, फुटबॉल, लॉन टेनिस, स्विमिंग, फेंसिंग, जिम्नास्टिक और पिकलबॉल जैसे कई खेलों की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

सरकार का मानना है कि इस पहल से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण वातावरण मिलेगा और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी प्रदर्शन क्षमता में सुधार होगा। साथ ही “पे एंड प्ले” मॉडल से मिलने वाला राजस्व खेल विकास निधि में जमा किया जाएगा, जिससे भविष्य में खेल सुविधाओं के विस्तार और रखरखाव में मदद मिलेगी।

यह योजना खासतौर पर उन खिलाड़ियों के लिए लाभकारी मानी जा रही है, जो अब तक आधुनिक खेल सुविधाओं से वंचित थे। इससे प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.