धामी सरकार ने खोला विकास का खजाना, कई जिलों को मिली करोड़ों की सौगात

देहरादून। Pushkar Singh Dhami ने प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं और जनसुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न विकास योजनाओं के लिए करोड़ों रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। राज्य सरकार द्वारा पेयजल, पार्किंग, पार्क निर्माण और कुंभ मेला तैयारियों सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी मिलने से संबंधित क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी स्वीकृत योजनाओं का क्रियान्वयन तय मानकों के अनुसार गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि आम जनता को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।

सरकार की ओर से जनपद पौड़ी गढ़वाल के नीलकंठ क्षेत्र में बहुमंजिला पार्किंग निर्माण के लिए 48.82 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इसके तहत पहली किश्त के रूप में 19.53 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। माना जा रहा है कि इस परियोजना से धार्मिक पर्यटन क्षेत्र में यातायात और पार्किंग की समस्या काफी हद तक कम होगी।

इसके अलावा अल्मोड़ा जिले की सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों और ग्राम सभाओं में पेयजल सुविधा को बेहतर बनाने के लिए 38 इंडिया मार्क-II हैंडपंप लगाए जाएंगे। इस योजना के लिए 1.36 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है, जबकि प्रथम किश्त के रूप में 50 लाख रुपये जारी किए गए हैं।

टिहरी गढ़वाल की हिण्डोलाखाल पम्पिंग पेयजल योजना के अंतर्गत ऊर्जा दक्ष पंपों की खरीद और विद्युत यांत्रिक कार्यों के लिए 9.73 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। योजना के लिए पहली किश्त के रूप में 3.89 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

वहीं पिथौरागढ़ नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नेडा बस्ते में देवभूमि रजत जयंती पार्क निर्माण के लिए 9.81 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। साथ ही कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत अस्थायी प्रकृति के 10 मरम्मत कार्यों के लिए 3.21 करोड़ रुपये की योजना को भी मंजूरी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में अवस्थापना और जनसुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है, जिससे क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी और जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.