होमगार्ड जवान के परिवार से मारपीट पर भड़का संगठन, रामगढ़ थाना घेराव की चेतावनी

सिरका। Home Guard Welfare Association ने सिरका कोलियरी में कार्यरत होमगार्ड जवान सुशील कुमार और उनके परिवार के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और होमगार्ड जवानों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। संगठन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो रामगढ़ थाना का घेराव कर बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार थाना रामगढ़ क्षेत्र के सिरका कोलियरी में कार्यरत होमगार्ड जवान सुशील कुमार और उनके परिवार के साथ बीते दिनों असामाजिक तत्वों द्वारा कथित रूप से बेरहमी से मारपीट की गई थी। घटना की खबर सामने आने के बाद होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव Rajiv Kumar Tiwari समेत कई पदाधिकारी सुशील कुमार के घर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

इस दौरान जिला समादेष्टा कार्यालय के इंस्पेक्टर अरविंद, नीलकंठ महतो, जिला सचिव प्रदीप कुमार, केंद्रीय संगठन सचिव आनंद मोहन, जिला अध्यक्ष रविंद्र महतो सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। संगठन के नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

प्रदेश महासचिव राजीव कुमार तिवारी ने कहा कि होमगार्ड जवान और उनके परिवार के साथ हुई मारपीट बेहद निंदनीय और शर्मनाक घटना है। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी रामगढ़ थाना को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो रामगढ़ थाना का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इधर, स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि घटना के बाद अब तक सीसीएल प्रबंधन का कोई अधिकारी घायल होमगार्ड जवान से मिलने नहीं पहुंचा है। इसे लेकर कोलियरी में कार्यरत अन्य होमगार्ड जवानों में भी भारी नाराजगी है। संगठन के पदाधिकारी प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं। माना जा रहा है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन देखने को मिल सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.