देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ा राहतभरा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की तर्ज पर राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते (डीए) में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। अब 1 जनवरी 2026 से महंगाई भत्ता 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत प्रतिमाह किया जाएगा।
सरकार के इस फैसले से हजारों कर्मचारियों और पेंशनरों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ जनवरी 2026 से लागू माना जाएगा, जिससे कर्मचारियों के वेतन और पेंशन में बढ़ोतरी होगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विभिन्न विकास योजनाओं के लिए करीब 50 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की है। जनपद चम्पावत के कोतवाली पंचेश्वर में टाइप-2 के छह आवासों और चाहरदीवारी निर्माण के लिए 3.13 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
वहीं जनपद नैनीताल के फायर स्टेशन हल्द्वानी में टाइप-2 के 64, टाइप-3 के 8 और टाइप-4 के 4 आवासों के निर्माण के लिए 36.64 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा चम्पावत के थाना रीठासाहिब में टाइप-2 के छह और टाइप-3 के एक आवास निर्माण के लिए 3.47 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले के मौलेखाल बाजार में पार्किंग निर्माण के लिए 5.91 करोड़ रुपये की मंजूरी भी दी है। वहीं चमोली जिले के थराली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्वालदम बाजार में वाहन पार्किंग निर्माण के लिए 61.57 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
राज्य सरकार का कहना है कि इन विकास योजनाओं से बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी से सरकारी कर्मियों को बढ़ती महंगाई से राहत मिलने की उम्मीद है।