तेल कीमतों पर भाजपा का पलटवार, बोले- दुनिया संकट में, भारत अब भी सबसे बेहतर स्थिति में

देहरादून। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच Mahendra Bhatt ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने तेल कीमतों में हुई बढ़ोतरी को वैश्विक परिस्थितियों के बीच आवश्यक कदम बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार की कूटनीति और बेहतर प्रबंधन की वजह से अब तक देश की जनता को खाड़ी युद्ध के असर से काफी हद तक बचाकर रखा गया।

उन्होंने कहा कि पिछले ढाई महीने से अधिक समय से जारी पश्चिम एशिया संकट और खाड़ी क्षेत्र में तनाव के कारण पूरी दुनिया ऊर्जा संकट का सामना कर रही है। अमेरिका और यूरोप जैसे विकसित देशों में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में 25 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हो चुकी है, जबकि कई देशों में ईंधन की भारी कमी भी देखने को मिल रही है। इसके बावजूद भारत में स्थिति अन्य देशों की तुलना में काफी नियंत्रित रही है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi की कूटनीतिक रणनीति के कारण भारत अब तक वैश्विक तेल संकट के बड़े असर से बचा रहा। उन्होंने दावा किया कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का पूरा बोझ केंद्र सरकार ने सीधे जनता पर नहीं डाला।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे थे कि तेल कीमतों में बढ़ोतरी क्यों नहीं की जा रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष चाहता था कि यह बढ़ोतरी दो महीने पहले ही लागू कर दी जाए।

भट्ट ने कहा कि देश की जनता राष्ट्रीय हित को समझती है और सरकार के फैसलों के साथ खड़ी है। उन्होंने विपक्ष से अपील करते हुए कहा कि उसे नकारात्मक राजनीति से ऊपर उठकर वैश्विक परिस्थितियों को समझना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा समय में ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक स्थिरता बनाए रखना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है। भाजपा का दावा है कि केंद्र सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और आम लोगों पर कम से कम बोझ पड़े, इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.