After Header-1

उत्तराखंड के चार नेताओं को भाजपा की राष्ट्रीय टीम में बड़ी जिम्मेदारी, प्रदेश संगठन में खुशी

300×250 ADS-1

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय संगठन में उत्तराखंड के चार वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलने पर प्रदेश भाजपा ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने उत्तराखंड के अनुभवी नेताओं पर जो विश्वास जताया है, वह पूरे प्रदेश के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय संगठन में राज्य के नेताओं को जिम्मेदारी मिलने से उत्तराखंड का राजनीतिक और संगठनात्मक महत्व बढ़ा है। साथ ही इससे पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।

भाजपा की नई केंद्रीय टीम में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को एक बार फिर राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

300×600 ADS-2

इसके अलावा महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री बनाया गया है, जबकि आलोक भट्ट को राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। इन नियुक्तियों के बाद प्रदेश भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि चारों नेताओं का संगठन में लंबा अनुभव है और उन्होंने अलग-अलग स्तर पर पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राष्ट्रीय टीम में उनकी नई जिम्मेदारियां संगठन के लिए उपयोगी साबित होंगी।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व की ओर से उत्तराखंड के नेताओं को लगातार महत्वपूर्ण भूमिकाएं दिया जाना इस बात का संकेत है कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को राज्य के संगठन और उसके अनुभवी नेताओं पर पूरा भरोसा है। इससे प्रदेश के कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ेगा।

भाजपा प्रदेश संगठन ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे अपनी नई जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगे। पार्टी ने इसे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय बताते हुए केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.