प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त के बदले रिश्वत, पंचायत सचिव रंगे हाथ गिरफ्तार

दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव और चौकीदार को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त जारी कराने और जियो टैगिंग के नाम पर रिश्वत मांगने की शिकायत के बाद की गई।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार तेजगढ़ ग्राम पंचायत निवासी महेंद्र कोष्टी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी उषा कोष्टी के नाम स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किश्त जारी करने के बदले पंचायत सचिव जुगराज सिंह रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत में बताया गया कि सचिव ने कुल 10 हजार रुपये मांगे थे।

महेंद्र कोष्टी ने इसकी शिकायत लोकायुक्त सागर कार्यालय में की, जिसके बाद टीम ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी सचिव पहले ही 4 हजार रुपये रिश्वत के रूप में ले चुका था और बाकी रकम के लिए लगातार दबाव बना रहा था।

सोमवार को लोकायुक्त सागर की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान पंचायत सचिव जुगराज सिंह और चौकीदार गुड्डा रैकवार को 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों के पास से रिश्वत की रकम बरामद की गई।

यह पूरी कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। ऑपरेशन में निरीक्षक मंजू किरण तिर्की, निरीक्षक रंजीत सिंह समेत लोकायुक्त सागर की टीम शामिल रही।

लोकायुक्त पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में प्रशासनिक भ्रष्टाचार को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.