गाजियाबाद। एटीएम मशीनों में नकदी डालने वाली कैश वैन से 27 लाख रुपये की लूट के मामले में गाजियाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से 8 लाख रुपये नकद, घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो जीप और हथियार बरामद किए गए हैं। हालांकि मामले में शामिल चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस उपायुक्त (नगर) धवल जायसवाल ने बताया कि स्वाट टीम और थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस ने सूचना के आधार पर सोमवार को रिजवान और मोहम्मद कैफ को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी विजयनगर क्षेत्र के रहने वाले हैं। पूछताछ में सामने आया कि इस वारदात की योजना काफी समय पहले बनाई गई थी।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कैश वैन को निशाना बनाने से पहले कई दिनों तक उसकी रेकी की। इतना ही नहीं, उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल लूट और डकैती की घटनाओं के वीडियो देखे और अपराध करने के तरीकों का गहराई से अध्ययन किया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कई वेब सीरीज भी बार-बार देखीं, जिनसे उन्होंने लूट की रणनीति और भागने के तरीके सीखे।
इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड जूबेर बताया जा रहा है, जो पेशे से बढ़ई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी कम समय में ज्यादा पैसा कमाकर आलीशान जिंदगी जीना चाहते थे। घटना वाले दिन आरोपियों ने इंडिया वन कंपनी की कैश वैन को टारगेट किया और कर्मचारियों पर फायरिंग कर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस अब फरार आरोपियों जूबेर, समीर और शोएब समेत अन्य की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा कर लिया जाएगा और बची हुई रकम भी बरामद की जाएगी।