पहाड़ों में राहत की खबर! भूस्खलन सुधार के लिए 461 करोड़ मंजूर

देहरादून। उत्तराखंड में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के सुधार और मरम्मत कार्यों के लिए केंद्र सरकार ने 461 करोड़ रुपये की बड़ी धनराशि स्वीकृत की है। इस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केंद्र सरकार का आभार जताया है।

मुख्यमंत्री ने इस निर्णय को राज्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण और दूरगामी प्रभाव वाला बताया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश की सड़क अवसंरचना को मजबूती मिलेगी और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण अक्सर सड़कें बाधित हो जाती हैं, जिससे आमजन और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

स्वीकृत राशि के तहत उत्तरकाशी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-134 पर भूस्खलन से प्रभावित 17 स्थलों के उपचार के लिए 233 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं पिथौरागढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के तवाघाट-घटियाबागड़ खंड पर तीन संवेदनशील स्थलों के सुधार के लिए 228 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से न केवल आपदा जोखिम को कम किया जा सकेगा, बल्कि दुर्गम और सीमांत क्षेत्रों में आवागमन भी अधिक सुरक्षित और सुगम होगा। इससे स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रबंधन और आधारभूत संरचना के विकास को प्राथमिकता दे रही है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से ऐसे महत्वपूर्ण कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा।

यह कदम उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में सुरक्षित यातायात और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.