देहरादून: रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति में कथित अव्यवस्थाओं के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को देहरादून में जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून के नेतृत्व में कांवली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने बल्लीवाला चौक पर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसियों की मनमानी और प्रशासन की लापरवाही के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस मौके पर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि देहरादून सहित पूरे प्रदेश में गैस एजेंसियां मनमाने तरीके से सिलेंडर वितरण कर रही हैं और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस समस्या पर आंखें मूंदे बैठी है, जिससे आम परिवारों का घरेलू बजट बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
कार्यक्रम का संयोजन ब्लॉक अध्यक्ष राजेश पुंडीर और ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजू भारती ने किया। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए और गैस कीमतों में कमी तथा आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की। कार्यक्रम में पार्षद अभिषेक तिवारी सहित कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बढ़ती महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से आम जनता की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कदम नहीं उठाए, तो प्रदेश भर में व्यापक स्तर पर आंदोलन चलाया जाएगा।