देहरादून। राज्य में शहरी यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मल्टीस्टोरी पार्किंग परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में व्यय वित्त समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहरी विकास, पेयजल और लोक निर्माण विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक में विशेष रूप से नीलकंठ महादेव मंदिर क्षेत्र और रामनगर में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। नीलकंठ महादेव में प्रस्तावित पार्किंग की लागत लगभग 51.83 करोड़ रुपये जबकि रामनगर की परियोजना पर करीब 38.57 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का अनुमान है।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्किंग निर्माण के दौरान निर्धारित गाइडलाइंस और तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से पार्किंग स्थलों पर प्रवेश और निकासी मार्गों के टर्निंग रेडियस, वाहन संचालन की सुगमता और यातायात प्रबंधन के पहलुओं पर ध्यान देने को कहा।
इसके अलावा नीलकंठ महादेव क्षेत्र में पार्किंग निर्माण से पहले भूमि का विस्तृत जियोटेक्निकल सर्वे कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि निर्माण कार्य सुरक्षित और दीर्घकालिक रूप से टिकाऊ रह सके। उन्होंने यह भी कहा कि पार्किंग भवन के बाहरी स्वरूप और फसाड के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे धार्मिक और पर्यटन महत्व वाले क्षेत्रों की सौंदर्यात्मक छवि बनी रहे।
बैठक के दौरान अन्य विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई और आवश्यक परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए वित्तीय संस्तुति प्रदान की गई। सरकार का उद्देश्य तेजी से बढ़ते शहरीकरण और पर्यटन दबाव को देखते हुए पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना है, जिससे आम जनता और पर्यटकों दोनों को सुविधा मिल सके।