देहरादून। उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में विधानसभावार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में देहरादून जनपद में प्रस्तावित मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यक्रमों की तैयारियों और व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न किया जाए। इस अवसर पर तिब्बती मार्केट में ऑटोमेटेड पार्किंग, कैब सेवा और आधुनिक इंटेंसिव केयर सेंटर का लोकार्पण एवं अनावरण किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत विकास कार्यों का शिलान्यास भी प्रस्तावित है।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर अपने-अपने विभागों के स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इन योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक विधानसभा स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त कर सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और महिलाओं व युवतियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएं। वहीं समाज कल्याण विभाग को निर्देश दिया गया कि जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) का सेटअप लगाकर दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र जारी किए जाएं और आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह कार्यक्रम आमजन तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिसे सफल बनाने के लिए सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।