After Header-1

रुद्रपुर की मेट्रोपोलिस सिटी में भव्य गेट और बूम बैरियर का उद्घाटन, महापौर विकास शर्मा को लड्डुओं से तोलकर किया सम्मानित

रुद्रपुर की प्रमुख और पॉश कॉलोनियों में शामिल मेट्रोपोलिस सिटी में सुरक्षा और आधुनिक सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। रविवार को नगर निगम के महापौर विकास शर्मा ने नैनीताल रोड स्थित मेट्रोपोलिस सिटी के नवनिर्मित भव्य मुख्य द्वार और अत्याधुनिक बूम बैरियरों का विधिवत पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर उद्घाटन किया।

इस अवसर पर मेट्रोपोलिस रेजिडेंशियल वेलफेयर सोसाइटी की ओर से महापौर का भव्य स्वागत किया गया। उन्हें पगड़ी पहनाकर और मालाओं से लादकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही अनोखे अंदाज में उन्हें लड्डुओं से तोलकर भी सम्मान दिया गया, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।

कार्यक्रम के दौरान सोसाइटी के पदाधिकारियों और स्थानीय निवासियों ने कॉलोनी के विकास से जुड़ी कई मांगें महापौर के सामने रखीं। इस पर महापौर विकास शर्मा ने मौके पर ही कॉलोनी के कुछ प्रमुख मार्गों को हॉट मिक्स से बनाने और बेहतर सुरक्षा व रोशनी के लिए दो मिनी हाईमास्ट लाइटें लगाने की घोषणा की। उन्होंने परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

जनसभा को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में रुद्रपुर को एक आधुनिक और स्मार्ट शहर के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की योजना तैयार की गई है, जिनका लाभ जल्द ही जनता को मिलेगा।

सोसाइटी के उपाध्यक्ष विक्रांत फुटेला ने बताया कि मुख्य गेट नंबर-1 काफी समय से जर्जर स्थिति में था, जिसे अब लगभग 45 लाख रुपये की लागत से भव्य रूप दिया गया है। इसमें 14 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक बूम बैरियर लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि मेट्रोपोलिस सिटी रुद्रपुर की पहली ऐसी सोसाइटी बन गई है, जहां तीनों प्रवेश द्वारों पर बूम बैरियर लगाए गए हैं। इसके अलावा सभी 45 टावर्स का सौंदर्यीकरण और पेंटिंग का कार्य भी कराया जा रहा है।

कार्यक्रम में पूर्व मेयर रामपाल सिंह, डॉ. अनुपमा रवि फुटेला, पार्षद बीनू, पार्षद चिराग कालरा, सोसाइटी अध्यक्ष देवेंद्र शाही सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में कॉलोनी निवासी उपस्थित रहे।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.