After Header-1

पौड़ी में जड़ी-बूटी खेती पर दो दिवसीय कार्यशाला संपन्न, किसानों की आय बढ़ाने के नए रास्ते खुले

पौड़ी गढ़वाल।  पहाड़ी क्षेत्रों में किसानों की आय बढ़ाने और औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला शनिवार को शैक्षणिक भ्रमण के साथ संपन्न हो गई। यह कार्यशाला हेप्रेक संस्थान  और  उद्योगिनी संस्था  के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई थी।

कार्यशाला के समापन पर जड़ी-बूटी खेती से जुड़े ब्लॉक समन्वयकों ने  हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय  के हैप्रेक संस्थान के निदेशक डॉ. विजयकांत पुरोहित के निर्देशन में कीर्तिनगर ब्लॉक के धारकोट गांव का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने जड़ी-बूटियों की खेती कर रहे स्थानीय किसानों से मुलाकात की और उनके अनुभवों को जाना।

भ्रमण के दौरान उद्योगिनी संस्था से जुड़े ब्लॉक समन्वयकों ने विशेषज्ञों से औषधीय पौधों के कृषिकरण की आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही जड़ी-बूटी की खेती में आने वाली चुनौतियों, उत्पादन बढ़ाने के उपायों और बेहतर प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के दौरान  नीरज बलूनी ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में औषधीय पौधों की खेती किसानों के लिए आय का एक बेहतर और टिकाऊ विकल्प बन सकती है। उन्होंने बताया कि यदि जड़ी-बूटी की खेती को संगठित ढंग से किया जाए और उसके लिए मजबूत विपणन व्यवस्था विकसित की जाए तो किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है।

इस अवसर पर हैप्रेक संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक  डॉ. सुदीप सेमवाल ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण और शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक किसान औषधीय पौधों की खेती से जुड़कर अपनी आजीविका को मजबूत बना सकें।

कार्यक्रम में उद्योगिनी संस्था के प्रबंधक  शिवम पंत , मनीष पंवार, हैप्रेक संस्थान के डॉ. राजीव वशिष्ठ, डॉ. प्रदीप डोभाल, डॉ. जयदेव चौहान, देवेश जंगपांगी और शुभम भट्ट सहित कई लोग मौजूद रहे।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.