चारधाम यात्रा से पहले सरकार की बड़ी तैयारी, गौचर-कर्णप्रयाग में पार्किंग परियोजनाओं का निरीक्षण

चमोली। आगामी  चारधाम यात्रा  को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी  के निर्देश पर आवास विभाग के सचिव  डॉ. आर. राजेश कुमार  ने जनपद चमोली के गौचर, कर्णप्रयाग और चमोली में निर्माणाधीन तथा प्रस्तावित पार्किंग परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

गौचर में निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि यहां पार्किंग निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। इस पार्किंग की क्षमता 27 वाहनों की है और इसका निर्माण  उत्तराखंड पेयजल एवं निर्माण निगम द्वारा कराया गया है। सचिव ने निर्देश दिए कि पार्किंग को जल्द से जल्द संचालन के लिए तैयार किया जाए ताकि यात्रियों और स्थानीय लोगों को सुविधा मिल सके।

इसके बाद उन्होंने कर्णप्रयाग में निर्माणाधीन पार्किंग परियोजना का भी निरीक्षण किया। यह परियोजना जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण चमोली द्वारा बनाई जा रही है। सचिव ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि आगामी  नंदा राजजात यात्रा से पहले पार्किंग का निर्माण हर हाल में पूरा किया जाए, क्योंकि इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।

चमोली में टैक्सी स्टैंड के पास और खड्ड साइड पर बनने वाली दो नई पार्किंग का भी निरीक्षण किया गया। इनमें से एक की क्षमता 21 वाहनों की होगी, जबकि दूसरी पार्किंग में 82 वाहन खड़े किए जा सकेंगे। इन दोनों परियोजनाओं का निर्माण ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा मार्ग पर जहां-जहां अक्सर जाम की समस्या होती है, वहां उपयुक्त भूमि चिन्हित कर नई पार्किंग विकसित की जाए, ताकि भविष्य में यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.