देहरादून।अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की उत्तराखंड राज्य कमेटी के तत्वावधान में देहरादून से राज्यस्तरीय जन आक्रोश जत्थे की शुरुआत की गई। कार्यक्रम की शुरुआत गांधी पार्क में आयोजित जनसभा से हुई, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर विभिन्न जन मुद्दों को उठाया।
रैली गांधी पार्क से शुरू होकर राजपुर रोड, घंटाघर, दर्शनलाल चौक और तहसील चौक होते हुए कचहरी परिसर तक पहुंची। यहां कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। रैली में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
सभा को संबोधित करते हुए पार्टी नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की। वक्ताओं ने कहा कि आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन को तेज किया जाएगा। उन्होंने बेरोजगारी, पलायन, महंगाई और मजदूर-किसान से जुड़े सवालों पर सरकार को घेरते हुए जनहित में ठोस कदम उठाने की मांग की।
कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुद्दों पर भी अपनी राय रखी और विश्व में बढ़ते सैन्य तनाव पर चिंता व्यक्त की। साथ ही उन्होंने शांति और कूटनीतिक समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर महिला संगठनों और मजदूर संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। जनवादी महिला समिति की प्रदेश उपाध्यक्ष इंदु नौडियाल ने महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न जन समस्याओं को लेकर तहसीलदार के माध्यम से जिलाधिकारी और राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया। इसमें महिला सुरक्षा, श्रमिकों के अधिकार, बस्तियों को मालिकाना हक और अन्य जन मुद्दों से जुड़ी मांगें शामिल थीं।

