हल्द्वानी-लालकुआं हाईवे पर दर्दनाक हादसा, डंपर ने स्कूटी सवार युवक को कुचला

हल्द्वानी, हल्द्वानी-लालकुआं राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा बेरीपड़ाव स्थित महालक्ष्मी मंदिर के सामने हुआ, जहां एक अनियंत्रित डंपर ने स्कूटी सवार को कुचल दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हिम्मतपुर चौमवाल निवासी 30 वर्षीय कार्तिक कांडपाल पुत्र कृष्ण नंद कांडपाल शनिवार सुबह करीब 10 बजे अपनी स्कूटी से हल्दूचौड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गांव की रहने वाली नेहा कांडपाल ने उनसे लिफ्ट ली और वह भी स्कूटी पर साथ बैठ गईं। बताया जा रहा है कि नेहा एक निजी कंपनी, अशोक लीलैंड, में कार्यरत हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गांव की सड़क से मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर चढ़ते समय स्कूटी अचानक अनियंत्रित हो गई और पास से गुजर रहे डंपर के नीचे जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार्तिक का सिर डंपर के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नेहा के सिर में गंभीर चोट आई है। उन्हें तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हल्द्वानी-लालकुआं हाईवे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोग चिंता जता रहे हैं और प्रशासन से प्रभावी ट्रैफिक नियंत्रण तथा सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.