आय से 73% अधिक संपत्ति! आयुध निर्माणी सेवा अधिकारी पर CBI का बड़ा एक्शन

नई दिल्ली,  केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भारतीय आयुध निर्माणी सेवा के अधिकारी अमित सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मामला दर्ज कर व्यापक छापेमारी की है। एजेंसी ने शुक्रवार को आगरा, लखनऊ, बरेली और कानपुर स्थित उनके पांच ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया, जिसमें लगभग 55 लाख रुपये मूल्य की नकदी और आभूषण बरामद किए गए।

सीबीआई के अनुसार, अमित सिंह वर्ष 1998 बैच के अधिकारी हैं। वह वर्ष 2022 से 2025 तक फिरोजाबाद के हजरतपुर स्थित आयुध उपकरण निर्माणी में मुख्य महाप्रबंधक के पद पर तैनात रहे। वर्तमान में उनकी तैनाती कानपुर स्थित ट्रूप कम्फर्ट्स लिमिटेड प्रशिक्षण अकादमी में है। एजेंसी ने 26 फरवरी को उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की।

जांच में आरोप लगाया गया है कि 1 अप्रैल 2022 से 31 दिसंबर 2025 के बीच उन्होंने अपनी ज्ञात वैध आय से 55.58 लाख रुपये अधिक संपत्ति अर्जित की। यह राशि उनकी घोषित आय से लगभग 73.28 प्रतिशत अधिक बताई गई है। मामले को दर्ज करने के बाद सीबीआई ने सक्षम न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त कर 27 फरवरी को विभिन्न परिसरों में छापेमारी की।

तलाशी के दौरान करीब 49 लाख रुपये मूल्य के आभूषण, पांच लाख रुपये नकद, बैंक पासबुक, ऋणपत्र, क्रेडिट कार्ड, वाहन संबंधी दस्तावेज तथा अचल संपत्तियों से जुड़े कागजात बरामद किए गए। जांच में आगरा, लखनऊ और बरेली में तीन आवासीय संपत्तियों का विवरण सामने आया है। आगरा का फ्लैट वर्ष 2025 में और लखनऊ का फ्लैट वर्ष 2023 में खरीदा गया बताया गया है।

सीबीआई ने विभिन्न निवेश और व्यय से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए हैं। एजेंसी का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.