सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ बड़ा कदम: देशभर में एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर से सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का वर्चुअल शुभारंभ किया। यह अभियान महिला स्वास्थ्य और किशोरियों के कल्याण की दिशा में केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इसी क्रम में देहरादून स्थित गांधी शताब्दी चिकित्सालय में उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह (से नि) ने प्रदेश स्तर पर इस अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। राज्यपाल ने इसे राष्ट्र की बेटियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक दूरदर्शी और संवेदनशील पहल बताया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और समाज की आधारशिला होती है।

राज्यपाल ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने का मजबूत संकल्प है। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बड़े स्तर पर चलाया जा रहा यह वैक्सीनेशन मिशन महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होगा।

उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में प्रदेशभर में 155 एचपीवी टीकाकरण केंद्र चिन्हित किए गए हैं, जो विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में स्थापित हैं। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से आने वाले वर्षों में महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा और सर्वाइकल कैंसर के मामलों में उल्लेखनीय कमी आएगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.