देहरादून। जिले में यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में क्लेमेंटाउन थाना पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाते हुए मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग कर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वाली 18 बुलेट मोटरसाइकिलों को सीज किया। पुलिस के अनुसार ये वाहन चालक अपनी मोटरसाइकिलों में अवैध रूप से साइलेंसर बदलकर तेज धमाकेदार आवाज निकाल रहे थे, जिससे आमजन को असुविधा हो रही थी और ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ रहा था।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की। जिन बाइकों में नियम विरुद्ध संशोधन पाया गया, उन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मोटरसाइकिलों में इस प्रकार के अवैध मॉडिफिकेशन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकता है।
अभियान के दौरान सभी आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे स्टाइल या शौक के नाम पर अपने वाहनों में अवैध बदलाव न करें और यातायात नियमों का पालन करें। नियमों का पालन कर ही सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।