रुड़की में यूजर टैक्स पर बवाल, व्यापारियों ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

रुड़की। रुड़की में नगर निगम द्वारा व्यापारिक प्रतिष्ठानों और आवासीय भवनों पर लगाए गए यूजर टैक्स के खिलाफ व्यापारियों ने मोर्चा खोल दिया है। इस मुद्दे पर **प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल** की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से यूजर टैक्स का विरोध करने का निर्णय लिया गया।

जिला अध्यक्ष **सौरभ भूषण शर्मा** ने कहा कि नगर निगम द्वारा यूजर टैक्स के नाम पर लगाया गया कर अनुचित है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस प्रकार का टैक्स लगाया गया था, जिसका व्यापक विरोध हुआ और अंततः उसे वापस लेना पड़ा। उनका कहना था कि जब किसी कानून या कर का समाज में व्यापक विरोध हो, तो उसकी गंभीरता से समीक्षा की जानी चाहिए।

व्यापारियों ने रुड़की की प्रथम महिला मेयर **अनीता ललित कुमार अग्रवाल** से अपील की कि इस टैक्स को तुरंत वापस लिया जाए।

जिला महामंत्री विभोर अग्रवाल ने चेतावनी दी कि यदि यूजर टैक्स के नाम पर की जा रही वसूली नहीं रोकी गई तो व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने बताया कि चरणबद्ध रणनीति तैयार की गई है। सबसे पहले नगर आयुक्त और मेयर से वार्ता कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। यदि वार्ता असफल रहती है तो नगर निगम कार्यालय के बाहर एक दिन का सांकेतिक धरना दिया जाएगा। इसके बाद भी मांगें नहीं मानी गईं तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

जिला उपाध्यक्ष प्रमोद रस्तोगी ने कड़े शब्दों में कहा कि व्यापारी किसी भी कीमत पर यूजर टैक्स स्वीकार नहीं करेंगे, चाहे इसके लिए बाजार बंद ही क्यों न करना पड़े।

बैठक में अरविंद भारद्वाज, अनूप राणा, राकेश बजाज, संजय कुमार, शिवकुमार और अनुज कुमार सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.