रुद्रपुर में मंदिर के बाहर नमाज पर विवाद, युवक से मारपीट का आरोप; वीडियो वायरल होने से बढ़ी हलचल

रुद्रपुर। शहर के प्राचीन **अटारिया मंदिर** परिसर के बाहर नमाज पढ़ने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रेशमबाड़ी निवासी शाहिद पुत्र मोहम्मद जान मंदिर के समीप एक निर्माणाधीन मकान में राजमिस्त्री का कार्य कर रहा है। रमजान के दौरान वह कार्य के बीच समय निकालकर मंदिर परिसर के बाहर एक स्थान पर नमाज अदा कर रहा था। शाहिद का आरोप है कि मंदिर के प्रबंधक अरविंद शर्मा ने उसे वहां नमाज पढ़ने से रोका। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो कथित रूप से मारपीट और अभद्र भाषा तक पहुंच गई।

घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ने लगा। इसके बाद शाहिद अपने समुदाय के कुछ लोगों के साथ सिडकुल चौकी पहुंचा और पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे जिला अस्पताल भेजकर चिकित्सीय परीक्षण कराया।

वहीं, मंदिर प्रबंधक अरविंद शर्मा का कहना है कि शाहिद पिछले कई दिनों से मंदिर के बाहर नमाज पढ़ रहा था और उसे पहले भी ऐसा न करने के लिए कहा गया था। उनका आरोप है कि मंगलवार को समझाने के दौरान शाहिद ने अपशब्द कहे, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.